कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को

वायनाड पुनर्वास में देरी पर भड़कीं प्रियंका गांधी, केरल और केंद्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार

फाइल फोटो

वायनाड (केरल)। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को जुलाई 2024 के वायनाड लैंडस्लाइड पीड़ितों के पुनर्वास में देरी करने को लेकर केरल सरकार की आलोचना की। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार की ओर से फंड मिलने में सुस्ती बरती जा रही है, इससे पुनर्वास में देरी हुई।

कांग्रेस के हाउसिंग इनिशिएटिव पर आगे बढ़ने का दावा

मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, गांधी ने कहा कि कांग्रेस अपने हाउसिंग इनिशिएटिव पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, "हमने यहां पीड़ितों के पुनर्वास के लिए अपने दम पर बहुत कुछ किया है, और हमने इसे अपनी पार्टी के ज़रिए किया है। जैसा कि आप जानते हैं, आज भी हम हाउसिंग का उद्घाटन करने जा रहे हैं, और मुझे लगता है कि हमने काफी कुछ किया है।"

भूमि और कागजी कार्रवाई में विलंब से प्रोजेक्ट प्रभावित

उन्होंने आरोप लगाया कि केरल सरकार ने भूमि की पहचान में देरी कर प्रोजेक्ट को रोक दिया, साथ ही केंद्र सरकार पर वित्तीय सहायता में देरी करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने दावा किया, "कागजी कार्रवाई और भूमि संबंधी मामलों में बहुत देरी हुई। हालांकि अच्छी बात यह है कि हम उन्हें सुलझा पाए हैं। इसलिए उम्मीद है कि हम जल्द ही कुछ अच्छा बना पाएंगे और कुछ अच्छा कर पाएंगे।"

अधिक सहयोग मिलने पर पहले पूरा हो सकता था काम

उन्होंने आरोप लगाया कि अगर केंद्र और राज्य सरकार ने उस समय अधिक सहयोग किया होता तो यह काम पहले ही पूरा हो गया होता। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की ओर से फंड की कमी पुनर्वास में मुख्य समस्या है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का फंड बहुत धीमी गति से आता है और केंद्र कई योजनाओं के लिए फंडिंग रोक रहा है, जिससे काम में देरी हो रही है।

जुलाई 2024 की भीषण लैंडस्लाइड में 300 लोगों की मौत

गौरतलब है कि 30 जुलाई, 2024 को केरल में राज्य के सबसे भीषण लैंडस्लाइड में से एक आया था। इसमें कुल 300 लोगों की मौत हो गई थी। कई घर और अन्य इमारतें तबाह हो गई थीं। इससे पहले 29 मार्च को, सांसद प्रियंका गांधी ने लैंडस्लाइड में बचे लोगों के लिए हायर एजुकेशन के लिए छात्रवृत्ति वितरण का शुभारंभ किया था। इस अवसर पर बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जब उन्होंने भूस्खलन के बाद वायनाड का दौरा किया था, तब उन्होंने वहां के लोगों की तबाही, दर्द और पीड़ा को करीब से देखा था।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/election-commission-visit-postponed-at-state-governments-request/145984

राज्य सरकार के अनुरोध पर चुनाव आयोग का बंगाल दौरा स्थगित