मोबाइल दुकान से करीब एक लाख की संपत्ति चोरी, आगजनी में 20 हजार का नुकसान
औरंगाबाद: टंडवा थाना क्षेत्र के शिकारपुर-बलथर मोड़ के पास असामाजिक तत्वों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी कर लिया और एक पान गुमटी में आग लगा दिया। एक ही रात चोरी और आगजनी की तीन घटनाओं के बाद स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में आवेदन समर्पित कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित दुकानदारों से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, झारखंड के शिकारपुर निवासी अभिमन्यु कुमार के साइकिल दुकान में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद उस गांव के ही शिकेश कुमार सिंह के एसके टेलीकॉम नामक मोबाइल दुकान को भी निशाना बनाया।
चोरी के बाद पान गुमटी में आग
चोरों ने मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। दुकान में चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित दुकानदारों के होश उड़ गये। इसके बाद असामाजिक तत्वों ने शिकारपुर निवासी अभिषेक कुमार की पान गुमटी में आग लगा दी। गुमटी में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
चोरी-आगजनी से दुकानदारों में आक्रोश
पीड़ित के अनुसार, इस घटना में करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इन घटनाओं से दुकानदारों में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही रात इलाके में चोरी और आगजनी की तीन घटनाएं होना गंभीर मामला है। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने की द्विपक्षीय बैठक, सीमा विवाद के समाधान पर बनी सहमति