देवबंद में 'शिव मंदिर' के दावे पर हिंदू रक्षा दल का प्रदर्शन, जांच की मांग, गंगाजल चढ़ाने की दी चेतावनी
सहारनपुर {उत्तर प्रदेश}: उत्तराखंड हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा मंगलवार को अपनी टीम के साथ सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने देवबंद स्थित एक धार्मिक स्थल के नीचे कथित शिव मंदिर होने के दावे को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और मामले की समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
जांच रिपोर्ट जल्द देने की मांग
ललित शर्मा ने कहा कि उनकी संस्था पहले भी इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन दे चुकी है, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि प्रशासन निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर जनहित याचिका दायर की जा सके।
शिव मंदिर होने का किया दावा
उन्होंने दावा किया कि संबंधित धार्मिक स्थल के नीचे शिव मंदिर होने के साक्ष्य मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने मीडिया के समक्ष कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और कहा कि सभी साक्ष्य न्यायालय के समक्ष पेश किए जाएंगे। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
शत्रु संपत्ति की जांच की भी उठाई मांग
ललित शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित परिसर से जुड़े शत्रु संपत्ति के मामलों की भी जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि समय रहते जांच पूरी कर ली जाती तो दोबारा ज्ञापन देने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो अगली बार हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिव भक्त देवबंद पहुंचेंगे और जिस स्थान को वे शिव मंदिर बताते हैं, वहां जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर शिव भक्त किसी भी संघर्ष के लिए तैयार हैं।
अयोध्या चंदा मामले की भी जांच की मांग
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने देवबंद के मामले की भी गंभीरता से जांच कराने की मांग दोहराई। फिलहाल इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।