खैरागढ़ में 28 जून को पल्स पोलियो अभियान, 53 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएंगी पोलियो की खुराक
खैरागढ़,(छत्तीसगढ़) : जिले में 28 जून (रविवार) को राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक की आयु के 53,344 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पूरे जिले में 213 पोलियो बूथ बनाए गए हैं।
पात्र बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर पिलाई जाएगी दवा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के सफल संचालन के लिए 427 टीमें, 854 वैक्सीनेटर और 43 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। पहले दिन सभी पात्र बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर दवा पिलाई जाएगी, जबकि इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
अभिभावकों से की गई अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन में बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन इसे बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाना जरूरी है। अभिभावकों से अपील की गई है, कि बच्चों का नियमित टीकाकरण हो चुका हो, तब भी पल्स पोलियो अभियान के दौरान बच्चों को दो बूंद जरूर पिलाएं।
अभियान की सभी तैयारियां पूरी
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बोधन सिंह परते ने बताया, कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैक्सीनेटरों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा वैक्सीन, कोल्ड चेन, परिवहन, माइक्रोप्लान और मॉनिटरिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जनप्रतिनिधियों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा है, कि 28 जून को 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।
यह भी पढ़ेंः सीबीआई ने आगरा में रिश्वतखोरी मामले में पीएनबी मैनेजर को गिरफ्तार किया