मथुरा में कल से पल्स पोलियो अभियान शुरू, 5 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक दो बूंद
मथुरा,(उत्तर प्रदेश)। पोलियो मुक्त भविष्य की दिशा में मथुरा जनपद ने कमर कस ली है. रविवार 28 जून से शुरू हो रहे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के लगभग 5 लाख बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी। अभियान से पहले शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसे राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से लोगों को दिया संदेश
सिविल लाइंस क्षेत्र में निकली इस रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया, कि पांच वर्ष से कम उम्र का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद दवा से वंचित न रहे, क्योंकि यही दो बूंद उसे जीवनभर की दिव्यांगता से बचाने का सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच हैं।
घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया, कि अभियान का शुभारंभ 28 जून को जिले के 1317 पोलियो बूथों पर होगा। इसके बाद 29 जून से 6 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे।
4,98,815 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने बताया, कि इस बार जनपद में 4,98,815 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी सतर्कता के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटी हैं।
अभियान को बताया गया जनसहभागिता का महाअभियान
राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने अभियान को जनसहभागिता का महाअभियान बताते हुए अभिभावकों से अपील की, कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करें। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. गोपाल गर्ग, डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. वी.डी. गौतम, डॉ. स्वाती जाडिया, डॉ. सत्य प्रकाश राठौर, डॉ. पियूष सोनी, डॉ. अनुज यादव, चंद्र प्रकाश मिश्रा, जितेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिहोरिया, पारूल शर्मा, एम.पी. सिंह, फोजिया खानम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएमटीसी की छात्राओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ेंः सहारनपुर में बच्चे के रास्ते में बैठने को लेकर बवाल, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे