पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धाराएं वापस लीं
पुणे: पुणे शहर पुलिस ने दो मामलों में महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धाराएं वापस ले ली हैं, क्योंकि यह पता चला है कि अपराध दर्ज होने के समय यह अधिनियम लागू नहीं हुआ था। महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम ,जो जबरदस्ती, धोखाधड़ी या अन्य निषिद्ध साधनों द्वारा धर्मांतरण को अपराध घोषित करता है, सरकारी अधिसूचना के अनुसार 26 अगस्त, 2026 से लागू होना है।
महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धाराएं ले गईं वापस
पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने मंगलवार को पुष्टि की कि धाराएं वापस ले ली गई हैं। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अन्य लागू कानूनों के तहत जांच जारी रहेगी। कुमार ने कहा, "हमने महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धाराएं वापस ले ली हैं। हालांकि, अन्य अधिनियमों की धाराएं लागू रहेंगी और मामलों की जांच की जाएगी।
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद भी कानून लागू होने की तारीख पर असमंजस
अमितेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति की मंजूरी की अधिसूचना जारी होने के बाद कानून के लागू होने की तारीख के बारे में शुरू में कोई स्पष्टता नहीं थी। उन्होंने कहा, जब अधिनियम को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने की अधिसूचना आई, तो यह निर्दिष्ट नहीं किया गया था कि यह किस तारीख से लागू होगा। अपराधों को दर्ज करते समय अधिकारियों ने मान लिया था कि यह अधिनियम पहले से ही लागू है।
पुलिस ने समीक्षा के बाद हटाए अधिनियम के प्रावधान
आयुक्त ने आगे कहा, पुलिस ने बाद में मामलों की समीक्षा की और अधिनियम के प्रावधानों को हटा दिया, क्योंकि अपराध दर्ज किए जाने की तारीखों पर इसे लागू करने के लिए अधिसूचित नहीं किया गया था। पुलिस ने सबसे पहले 5 अगस्त को फुर्सुंगी पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में अधिनियम के प्रावधानों का इस्तेमाल किया था। एक 22 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी नाबालिग पत्नी को जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया गया था। खड़क पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अन्य मामले में यूनाइटेड किंगडम के एक प्रवासी भारतीय नागरिक (ओसीआई) कार्डधारक पर धार्मिक सभाओं के माध्यम से लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रभावित करने का आरोप लगाया गया था।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़ें- कोलकाता के होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत; कई घायल