रायबरेली के महराजगंज-बछरावां मार्ग पर दो बाइकों की

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की मौत और एक गंभीर घायल

Raebareli Bike Collision Kills Two, One Seriously Injured

रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। जिले के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत महराजगंज-बछरावां मार्ग पर बीती रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक जिला अस्पताल रेफर

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से दोनों मृतकों के शवों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

एक मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई

​पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों में से एक की पहचान महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बरहुवा गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। इसके अलावा, सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किए गए घायल युवक की पहचान कराने के भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

​हादसे की खबर जैसे ही अमित कुमार के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मृतकों व घायलों की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और इलाकों में संपर्क साध रही है। 

यह भी पढ़ें:   कपिल शर्मा ने ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के कपल्स की खिंचाई, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में लगा कॉमेडी का तड़का