जनपद के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सहजौरा गांव म

रायबरेली में घर के अंदर बन रहा था 'मौत का सामान', भारी मात्रा में बारूद और पटाखों के साथ पति-पत्नी दबोचे गए

Raebareli: Couple held with explosives, firecrackers at home

रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: जनपद के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सहजौरा गांव में पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार शाम पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर अवैध रूप से पटाखे बना रहे और उनका भंडारण करने वाले पति-पत्नी को रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने मौके से 19 बोरियों में भरे करीब दो क्विंटल विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं।

​मुखबिर की सटीक सूचना पर रेड

​गुरुबख्शगंज थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए गुप्त सूचना मिली थी कि सहजौरा गांव निवासी नफीस पुत्र अब्दुल हमीद अपनी पत्नी मेहरून निशा के साथ मिलकर घर के भीतर अवैध रूप से पटाखे तैयार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देर किए सहजौरा गांव में दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान घर से 19 बड़ी बोरियों में भरकर रखे गए विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए।

​नहीं दिखा सके कोई वैध लाइसेंस

​गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि ​बरामद किए गए पटाखों का कुल वजन लगभग दो क्विंटल है। आरोपियों के पास पटाखा बनाने या इसके भंडारण से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। ​पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

​नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

​बिना लाइसेंस के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस अब इसके मुख्य स्रोतों की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह कच्चा माल कहां से लाया गया था और इन पटाखों को किन बाजारों या आयोजनों में खपाने की साजिश रची जा रही थी। इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी गहनता से पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें:साढ़े 7 लाख की सोने की चेन झपटने का आरोप, कुख्यात कोढ़ा गैंग का सरगना गिरफ्तार