रायबरेली में बड़े भाई ने छोटे भाई की ईंट से पीटकर हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चौपुरा गांव में एक कलयुगी बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की ईंट से सिर कूच-कूचकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ड्यूटी पर जाते समय किया हमला
जानकारी के अनुसार, चौपुरा निवासी रवि कुमार पुत्र स्वर्गीय शिव शंकर रोज की तरह सुबह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। वह गांव के बाहर पहुंचे ही थे कि रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे उनके सगे बड़े भाई अनूप ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। अनूप ने क्रूरता की हदें पार करते हुए रवि के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई प्रहार किए। रवि को खून से लथपथ और मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने रवि को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रवि की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल एम्स के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, एम्स ले जाते समय रास्ते में ही रवि ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही हरचंदपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी भाई घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: गोंडा में बिना जानकारी लोन कर खाते से रकम निकालने का मामला, वांछित आरोपी गुरुग्राम से गिरफ्तार