रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में कथित प्रेम संबंधों से

रायबरेली में खौफनाक हत्याकांड, पति-पत्नी ने प्रेमी की हत्या कर घर में दफनाई लाश

Raebareli Horror: Couple Allegedly Kills Lover and Buries Body Inside House

रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे रजऊ गांव में एक ऐसा खौफनाक हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। अवैध संबंधों के जाल में उलझी एक प्रेम कहानी का अंत इतना खौफनाक होगा, यह किसी ने सोचा भी न था। जिस प्रेमी के साथ महिला और उसका पति एक ही छत के नीचे रह रहे थे, उसी प्रेमी की पति-पत्नी ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। 

लाश को घर के ही कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया

वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए लाश को घर के ही कमरे में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। ​लेकिन कहते हैं न 'पाप छुपाए नहीं छुपता!' दो दिन बाद जब कमरे से सड़न की असहनीय दुर्गंध उठने लगी, तो 'दृश्यम' स्टाइल में रची गई यह साजिश बेनकाब हो गई। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे रजऊ निवासी रीता की शादी करीब 10 साल पहले भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे कोर चंदामऊ में हुई थी। पिछले चार सालों से रीता का पति अपनी पत्नी के साथ ससुराल पूरे रजऊ में ही जमा हुआ था। इसी बीच रीता की आंखें डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे बाबा कठगर निवासी एक युवक से लड़ गईं।

हत्या के बाद दोनों आरोपी ऐसे घूमते रहे जैसे कुछ हुआ ही नहीं

इश्क का खुमार इस कदर चढ़ा कि प्रेमी भी बेझिझक पति-पत्नी के साथ उसी घर में रहने लगा!​ "घर एक, रिश्ते अनेक" का यह खतरनाक खेल लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर सुलग रही चिंगारी 29 जुलाई की रात ज्वालामुखी बनकर फट पड़ी। 29 जुलाई की आधी रात को किसी बात को लेकर पति, पत्नी और प्रेमी के बीच तीखी झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पति-पत्नी ने प्रेमी को रास्ते से हटाने का पक्का प्लान बना लिया। आधी रात को ही दोनों ने मिलकर प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद किसी को भनक न लगे, इसलिए घर के ही एक कमरे में गहरा गड्ढा खोदा गया और प्रेमी की लाश को उसमें दबाकर ऊपर से मिट्टी पाट दी गई। ​हत्या के बाद दोनों आरोपी ऐसे घूमते रहे जैसे कुछ हुआ ही न हो।

बदबू ने बिगाड़ा खेल, घबराई पत्नी पहुंची प्रधान के पास

​हत्यारों का गणित बिल्कुल सटीक था, लेकिन वे 'मौसम और कुदरत' के नियम को भूल गए। दो दिन बीतते-बीतते बंद कमरे में लाश सड़ने लगी और उससे तेज दुर्गन्ध उठकर पूरे मोहल्ले में फैलने लगी। जब बदबू से पर्दाफाश होना तय हो गया, तो पकड़े जाने के डर से पत्नी के हाथ-पांव फूल गए। घबराकर महिला बीती रात सीधे ग्राम प्रधान के पास पहुंची और गिड़गिड़ाते हुए अपनी इस खौफनाक करतूत का सारा चिट्ठा खोलकर रख दिया। ग्राम प्रधान ने बिना एक पल गंवाए तुरंत डलमऊ कोतवाली पुलिस को फोन घुमा दिया।

पुलिस की खुदाई में निकली लाश, इलाके में सनसनी

सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जब बंद कमरे की खुदाई शुरू कराई गई, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और कड़ाई से पूछताछ कर रही है। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे रजऊ गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। हर कोई इस 'त्रिकोण प्रेम कहानी' के इस खूनी अंजाम की ही चर्चा कर रहा है।

यह भी पढ़ें: जौनपुर में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर बदमाश के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार