रायबरेली में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 110 किलो आतिशबाजी के साथ एक गिरफ्तार
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। आगामी त्योहारों दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऊंचाहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से भारी मात्रा में आतिशबाजी का भंडारण करने वाले एक अभियुक्त को धर दबोचा है। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 110 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर खुलासा
थाना ऊंचाहार प्रभारी मनबोध तिवारी ने बताया कि बीती रात्रि में थाना ऊंचाहार पुलिस टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर के जरिए पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि कस्बा ऊंचाहार निवासी विजय गुप्ता द्वारा अपनी किराए की दुकान या गोदाम में बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। इसके अलावा, बाजार से सस्ते व अन्य प्रकार के पटाखे लाकर उन्हें अपने ठिकाने पर तैयार कर चोरी-छिपे विभिन्न इलाकों में महंगे दामों पर बेचा जा रहा था।
ऊंचाहार पुलिस की अचानक दबिश
मुखबिर से मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देर किए बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान वहां एक व्यक्ति भारी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री के साथ मौजूद मिला, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ और तलाशी में यह स्पष्ट हुआ कि यह पूरा कारोबार पूरी तरह से अवैध और सुरक्षा मानकों के विरुद्ध चलाया जा रहा था।कोतवाल ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर इस तरह के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद पुलिस के अभियान में 36 गिरफ्तार, 578 लीटर देसी शराब समेत वाहन और मोबाइल बरामद