छत्तीसगढ़ में EOW की बड़ी कार्रवाई, कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष समेत दो ठिकानों पर छापेमारी
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटघोरा में दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। इस छापेमारी से जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, EOW की अलग-अलग टीमों ने कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के निवास और नगर सैनिक (होमगार्ड) दिलीप केंवट के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। दोनों ही स्थानों पर जांच अधिकारी दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रहे हैं।
DMF घोटाले से जुड़े मामले में EOW की दबिश
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि DMF मद की राशि की बंदरबांट और अनियमितताओं के मामले में मिले अहम सुरागों के आधार पर यह दबिश दी गई है। दोनों ही ठिकानों पर EOW की टीम की जांच जारी है। घर और परिसर से जुड़े किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई के वास्तविक कारणों, बरामदगी और आधिकारिक तथ्यों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
ये भी पढ़ें- 'जंगलीवुड' का ट्रेलर रिलीज, बॉलीवुड के अंधेरे सच और नेपोटिज्म की दिखेगी झलक