रेलवे में टेक्नीशियन के 6565 पदों पर बंपर भर्ती, 30 जून से शुरू होंगे आवेदन
प्रयागराज। बेरोजगार युवाओं के लिए भारतीय रेलवे बड़ी संख्या में नौकरियों का सुनहरा अवसर लेकर आया है। Railway Recruitment Board ने देशभर में टेक्नीशियन के कुल 6565 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का एलान किया है। इस भर्ती अभियान के तहत टेक्नीशियन ग्रेड-वन (सिग्नल) और टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के खाली पदों को भरा जाएगा।
30 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 30 जून से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई निर्धारित की गई है।
रेलवे के संचालन में निभाएंगे अहम भूमिका
इस भर्ती के माध्यम से चयनित टेक्नीशियन को भारतीय रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती स्टेशनों, यार्डों और रेल पटरियों पर की जाएगी, जहां वे सिग्नलों की मरम्मत, बोगियों की जांच और ब्रेक-गियर को दुरुस्त कर ट्रेनों का सुरक्षित और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करेंगे।
आयु सीमा और पात्रता तय
Railway Recruitment Board द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष और टेक्नीशियन ग्रेड-वन (सिग्नल) के लिए 33 वर्ष तय की गई है।
शैक्षणिक योग्यता क्या होगी?
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो टेक्नीशियन ग्रेड-वन (सिग्नल) के लिए बीई, बीटेक, इंजीनियरिंग डिप्लोमा या बीएससी डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। रेलवे की यह भर्ती तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है।
यह भी पढ़े: राजनाथ सिंह ने वियतनाम से रक्षा सहयोग बढ़ाया