बारिश से दिल्ली की हवा हुई साफ, AQI 93 पर पहुंचा; 4 साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन, मुंबई में छाई धुंध
नई दिल्ली: मौसम में अचानक बदलाव से रातभर हुई बारिश और आंधी ने राष्ट्रीय राजधानी को प्रदूषण से राहत दिलाई। बारिश के बाद दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 'संतोषजनक' श्रेणी में पहुंच गया। वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार सुबह आसमान में धुंध छाई रही और कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई। दिल्ली में 29 अक्टूबर को पिछले चार साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। चक्रवात अर्नब के अवशेषों के पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलने से राजधानी में बारिश, आंधी और घने बादल छाए रहे। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 29 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम था। यह पिछले चार साल में अक्टूबर के दौरान दर्ज किया गया सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पहले 8 अक्टूबर, 2022 को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लगातार बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान बढ़कर 19.2 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से लगभग 3.1 डिग्री अधिक था।
बारिश से दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर घटा
दिल्ली-NCR में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और रातभर बूंदाबांदी हुई। झरोदा कलां में सबसे अधिक 49 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में बारिश हुई, जिनमें हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और जामिया मिल्लिया इस्लामिया शामिल हैं। इससे आसपास के तापमान में गिरावट आई और हवा में प्रदूषकों का स्तर काफी कम हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, इंडिया गेट के पास AQI गिरकर 93 पर पहुंच गया। इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता कई दिनों तक 'खराब' श्रेणी में रहने के बाद 'संतोषजनक' (51-100) श्रेणी में आ गई।
30 अक्टूबर को भी हल्की बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारों का पहले ही अनुमान जताया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शनिवार, 31 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने का अनुमान है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 1 और 2 नवंबर को आसमान ज्यादातर साफ रहने और मौसम स्थिर रहने का अनुमान है। सभी जिलों के लिए ग्रीन अलर्ट जारी रहेगा।
मुंबई में सुबह छाई धुंध, कई इलाकों में विजिबिलिटी कम
दिल्ली में साफ हवा के उलट मुंबई के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह दृश्यता में काफी कमी देखी गई। वडाला इलाके के दृश्यों में शहर की इमारतों और आसमान के ऊपर धुंध की पतली परत दिखाई दी। मुंबई महानगर क्षेत्र के निगरानी केंद्रों ने शहरी प्रदूषण के अलग-अलग स्तर दर्ज किए। दिल्ली के अलावा मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी से एक नए मौसमी सिस्टम के आने के कारण दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के लिए भी अलर्ट जारी किया है। 2 से 4 नवंबर के बीच तटीय कर्नाटक, केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 2 और 3 नवंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, तेलंगाना में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
(ANI)
ये भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक की रैली के विरोध में BJP का मार्च, सिरसा ने 1984 दंगों पर कांग्रेस को घेरा