झालावाड़ में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का वीडियो

सोशल मीडिया पर स्टंट दिखाना पड़ा महंगा, फेसबुक वीडियो बना गिरफ्तारी की वजह

सांकेतिक तस्वीर

झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत थाना जावर पुलिस ने फेसबुक पर एकनाली टोपीदार बंदूक लहराते हुए वीडियो अपलोड करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध हथियार और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है।

जावर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और वृत्ताधिकारी मनोहरथाना कैलाश चंद्र के सुपरविजन में थाना जावर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

ठिकाने की घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

थानाधिकारी जावर को मुखबिर और साइबर इनपुट के माध्यम से सूचना मिली थी कि 'hariram gujar' नाम की फेसबुक आईडी पर एक युवक अवैध एकनाली टोपीदार बंदूक लहराते हुए वीडियो वायरल कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने की घेराबंदी कर उसे मौके से दबोच लिया।

अवैध एकनाली टोपीदार बंदूक हुई बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध एकनाली टोपीदार बंदूक बरामद हुई। वहीं उसके एंड्रॉयड मोबाइल की जांच में वही फेसबुक आईडी खुली मिली, जिससे हथियार लहराने का वीडियो अपलोड किया गया था। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ मोबाइल फोन को भी डिजिटल साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया।

आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज 

पुलिस ने आरोपी हरिराम पुत्र शोराम गुर्जर (26), निवासी पृथ्वीपुरा, थाना जावर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लाया और इसके पीछे किसी नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी उपनिरीक्षक सुनील वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मांगीलाल, कांस्टेबल राजवीर (सूचना अधिकारी), धोलाराम, सुरेश चालक कांस्टेबल प्रेम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने विशेष रूप से सूचना अधिकारी कॉन्स्टेबल राजवीर की सराहना की, जिनकी सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई सफल हो सकी। 

ये भी पढ़ें- महादेवा धाम से विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 20 जुलाई को CM योगी करेंगे कॉरिडोर का शिलान्यास