राजस्थान: सिरोही में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, डोडा-पोस्त से भरी फॉर्च्यूनर जब्त
सिरोही: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत DST टीम और सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिम्मत टेकरी से आगे निचलागढ़ रोड पर दबिश देकर अवैध डोडा-पोस्त से भरी एक फॉर्च्यूनर को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
डेढ़ दर्जन से अधिक कट्टे बरामद
पुलिस के अनुसार फॉर्च्यूनर की तलाशी लेने पर उसमें डोडा-पोस्त से भरे करीब 20 से 22 कट्टे बरामद हुए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस को वाहन से मैगजीन और कारतूस भी मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। बरामद मादक पदार्थ एवं हथियार सामग्री को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह के निर्देश पर DST प्रभारी अमराराम की टीम तथा सदर थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर वाहन को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
सघन तलाशी अभियान शुरू
तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जंगल और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर भी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है तथा फरार तस्करों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ेंः तमिलनाडु विधानसभा में NEET के खिलाफ प्रस्ताव पास, 12वीं के अंकों से मेडिकल दाखिले की मांग