Operation Prithvi: राजस्थान के डूंगरपुर में पुलिस

Rajasthan News: बेशकीमती खनिज क्वार्ट्ज पत्थर से ओवरलोड डप्मर को पुलिस ने किया डिटेन

Overload Tumper

डूंगरपुर (राजस्थान): पुलिस ने ऑपरेशन 'पृथ्वी' के तहत भू-माफियाओं के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस की विशेष टीम ने अवैध खनन और परिवहन के शातिर मंसूबों को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में अवैध क्वार्ट्ज पत्थर से भरे एक डम्पर को डिटेन किया है. इस मामले में पुलिस ने जालसाजी, धोखाधड़ी और सरकारी राजस्व चोरी की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर डम्पर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

बेशकीमती खनिज क्वार्ट्ज पत्थर से ओवरलोड था डप्मर

जानकारी के अनुसार, जिला विशेष टीम को मुखबिर के जरिए आसपुर क्षेत्र में अवैध खनिज के परिवहन की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी. इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपुर थानाधिकारी मदनलाल मय जाब्ता ने आसपुर सर्किल के कतीसौर गांव के पास धर्मकांटे के पास खड़े एक संदिग्ध डम्पर की घेराबंदी कर जांच की. जांच के दौरान डम्पर पूरी तरह से बेशकीमती खनिज क्वार्ट्ज पत्थर से ओवरलोड भरा हुआ पाया गया. जब पुलिस टीम ने डम्पर चालक से खनिज के वैध परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की मांग की, तो उसने बोडिगामा साबला की एक वैध लीज लोकेशन की रवानगी पर्ची (ई-रवाना) पेश की.

इस संदेह पर की गई जांच

दस्तावेजों की बनावट और रूट पर संदेह होने पर आसपुर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने तकनीकी व धरातलीय स्तर पर इसकी गहनता से जांच की. जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि उक्त क्वार्ट्ज खनिज को ग्राम रंगथौर स्थित एक बिना स्वीकृत लीज वाले स्थान से अवैध रूप से खनन किया गया था. आरोपी राज्य सरकार के राजस्व को भारी चूना लगाते हुए खनिज की चोरी कर रहे थे और सुनियोजित साजिश के तहत फर्जी ई-रवाना पर्ची तैयार कर निर्धारित परिवहन रूट का सरेआम उल्लंघन कर रहे थे.

  जांच के लिए आरोपी का मोबाइल किया गया जब्त

पुलिस ने इस कृत्य को गंभीर वित्तीय और पर्यावरणीय अपराध मानते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर डम्पर और अवैध खनिज को जब्त कर लिया. वहीं डम्पर चालक हितेश पुत्र उमियाशंकर परमार मीणा, निवासी बटिकडा थाना दोवड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने अनुसंधान और अग्रिम साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है.

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में आसपुर थानाधिकारी मदनलाल, सउनि बलभद्र सिंह, कांस्टेबल कल्याण सिंह व अर्जुनलाल और जिला विशेष टीम के कांस्टेबल मगन, जितेन्द्र, भव्यराज सिंह, आशीष, आदित्य एवं जितेंद्र शामिल रहे. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य भू-माफियाओं और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी है. 

ये भी पढ़ें- चितावा थाने के तत्कालीन SHO समेत 6 पर FIR, दलित युवक से मारपीट और गैरकानूनी हिरासत का आरोप