झालावाड़ में वन विभाग ने अवैध शिकार और वन्यजीव व्य

राजस्थान: झालावाड़ में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शिकार मामले में तीतर-तोते समेत फंदे और पिंजरे जब्त

Rajasthan: Wildlife Department Seizes Birds, Traps in Jhalawar Poaching Case

झालावाड़ (राजस्थान)। वन विभाग ने वन्यजीवों के अवैध शिकार और व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झालावाड़ शहर स्थित कालीसिंध नदी की पुलिया के समीप फील्ड ट्रायल क्षेत्र में बनी कच्ची झोपड़ियों पर संयुक्त दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जीवित तीतर एवं तोते, शिकार में प्रयुक्त फंदे, पिंजरे तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

शिकार के सामान और वन्यजीव बरामद

उप वन संरक्षक सागर पवार के निर्देशन में सहायक वन संरक्षक मुकेश सहजवानी के नेतृत्व तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी दीपक सिंह चारण की टीम ने असनावर रेंज के वनकर्मियों एवं पुलिस जाप्ते के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में वन्यजीवों के अवैध शिकार, कब्जे और व्यापार से जुड़े प्रमाण मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई। वन विभाग ने जब्त किए गए वन्यजीवों को अपने संरक्षण में लिया है।

वन्यजीव अपराधों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वन्यजीवों का शिकार, कब्जा, संग्रहण, परिवहन या व्यापार करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संज्ञेय एवं गैर-जमानती अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर कठोर सजा और जुर्माने का प्रावधान है। विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं वन्यजीवों के अवैध शिकार, कब्जे या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। 

यह भी पढ़ें:   मध्यप्रदेश: शिवपुरी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन भूमि पर अतिक्रमण करते 2 ट्रैक्टर जब्त