राजगढ़ में झगड़े के नाम पर 30 लाख की मांग, फसल नष्ट करने के आरोप में 4 गिरफ्तार
राजगढ़ (मध्य प्रदेश)। जिला राजगढ़ में नातरा झगड़ा कुप्रथा से संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर राजगढ़ थाना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए नातरा झगड़ा के नाम पर अवैध धनराशि की मांग करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
झगड़े के नाम पर मांगे 30 लाख
थाना कोतवाली राजगढ़ में फरियादी मुकेश पिता हरचन्द तंवर, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम रामगढ़ ने रिपोर्ट प्रस्तुत की गई कि उसकी बहन ज्योति की शादी ग्राम निपानिया में बनेसिंह तंवर के लड़के नैनकराम से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते नैनकराम एवं उसके परिजन द्वारा फरियादी से विवाद कर झगड़े के रूप में 30 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
फसल नष्ट कर 5 लाख का नुकसान
आरोपियों द्वारा पूर्व में भी उससे 20 हजार रुपये लिए गए थे। झगड़ा कुप्रथा में मांगी गई राशि 30 लाख रुपये पूरे नहीं देने के कारण आरोपियों द्वारा फरियादी एवं अन्य ग्रामीणों के खेतों में खड़ी सोयाबीन एवं मक्का की फसल काटकर नष्ट कर दी गई, जिससे लगभग 05 लाख रुपये का नुकसान होना बताया गया। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा झगड़े के रुपये नहीं देने पर और अधिक नुकसान करने एवं जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू मखेनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी लखन पिता बानेसिंह तंवर निवासी निपानिया थाना कालीपीठ को गिरफ्तार किया गया बाद में शेष तीनों आरोपीगणों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। आरोपी बनेसिंह पिता घीसालाल तंवर उम्र 58 वर्ष, नानकराम पिता बानेसिंह तंवर उम्र 21 वर्ष, अजबसिंह पिता बानेसिंह तंवर उम्र 22 वर्ष, लखन पिता बनेसिंह तंवर उम्र 27 वर्ष सर्व निवासीगण ग्राम निपानिया थाना कालीपीठ हे।
पुलिस ने कुप्रथा से बचने की अपील की
थाना प्रभारी निरीक्षक मंजू मखेनिया ने बताया को राजगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि नातरा झगड़ा जैसी कुप्रथाओं में संलिप्त होकर किसी प्रकार की अवैध मांग या लेन-देन न करें। इस प्रकार की गतिविधियां दंडनीय अपराध हैं।
यह भी पढ़ें: बगहा के विजय सहनी हत्याकांड में 5 दोषियों को उम्रकैद, मुख्य आरोपी अशोक यादव भी दोषी