राजनांदगांव में किराना दुकान चोरी कांड का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; 53 हजार का माल बरामद
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़): जिले की सुरगी पुलिस चौकी ने किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पान मसाला, गुटखा और सिगरेट समेत कुल 53 हजार 132 रुपये का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
दुकान संचालक ने दर्ज कराई थी शिकायत
मामला सुरगी चौकी क्षेत्र के ग्राम सिंघोला का है, जहां किराना दुकान संचालक अशोक साहू ने 7 जून को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रात में दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान में घुसकर पान मसाला, गुटखा, सिगरेट, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला और सीसीटीवी कैमरा भी टूटा हुआ पाया गया।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर एसी और फ्रिज मरम्मत का काम करने वाले तीन युवकों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में जावेद सोलंकी, जुनैद अख्तर और हिरेंद्र यादव ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके किराये के मकान से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।
53 हजार रुपये का सामान बरामद
बरामद सामग्री की कुल कीमत 53 हजार 132 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
सुरगी पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक ढाल सिंह साहू, उपनिरीक्षक हरीश टेंभुकर सहित पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: बिजली पोल में करंट से युवक की मौत