राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला: आरोपी अविनाश शुक्ला के भाई का नोटों के बंडल वाला वीडियो वायरल, जांच तेज
प्रतापगढ़ {उत्तर प्रदेश}: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोप में जेल भेजे गए प्रतापगढ़ के बाबूपुर नरियावां निवासी अविनाश शुक्ला के भाई अमित शुक्ला का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह नोटों के बंडल के साथ दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
नोटों के बंडल के साथ वायरल हुई रील
बुधवार को अमित शुक्ला के इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ी एक रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। वीडियो में बैकग्राउंड में "पैसा का पूजा होत, पैसा बा भगवान हो..." गाना बज रहा है और अमित नोटों के बंडल लिए नजर आ रहा है। हालांकि, बताया जा रहा है कि यह रील अगस्त 2025 की है। वीडियो में दिखाई दे रहे पैसों का स्रोत क्या है और यह रकम कहां से आई, इसकी स्थानीय स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। (प्राइम न्यूज इस वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों की पुष्टि नहीं करता।)
अयोध्या में करता था चढ़ावा गिनने का काम
अविनाश शुक्ला करीब दो वर्ष पहले रोजगार की तलाश में प्रतापगढ़ से अयोध्या गया था। वहां सिफारिश के जरिए उसे राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती का काम मिला और वह अन्य कर्मचारियों के साथ यह जिम्मेदारी निभा रहा था। बाद में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में सात अन्य आरोपियों के साथ उसकी गिरफ्तारी हुई, जिसके बाद वह चर्चा में आया।
रिश्तेदारों और बैंक खातों की भी हो सकती है जांच
सूत्रों के अनुसार, अयोध्या पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) अविनाश शुक्ला, उसके परिवार और रिश्तेदारों से पूछताछ के लिए कभी भी प्रतापगढ़ पहुंच सकती है। मामले की जांच प्रतापगढ़ में भी किए जाने की संभावना है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अविनाश के बैंक खाते प्रतापगढ़, सुल्तानपुर या गोंडा में हैं या नहीं। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं कथित रकम रिश्तेदारों के नाम पर जमीन या अन्य संपत्ति खरीदने में तो इस्तेमाल नहीं की गई। जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की पड़ताल में जुटी हैं।
यह भी पढ़े: राम मंदिर दान विवाद: महंत दिनेंद्र दास बोले- 'चंपत राय ने कभी कोई गलत काम नहीं किया'