राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेन्द्र दास ने प्रशासक गोपाल राव पर गबन विवाद के बीच ‘राजनीति करने’ का आरोप लगाया
अयोध्या,(उत्तर प्रदेश)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित चंदा गबन मामले को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेन्द्र दास महाराज ने मंदिर प्रशासन के सहायक गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पूरे विवाद के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
गोपाल राव पर मामलों को जटिल बनाने का आरोप
महंत ने कहा, कि गोपाल राव ने अनावश्यक रूप से मामलों को जटिल बनाया और ट्रस्ट की परंपराओं से हटकर कार्य किया। उन्होंने आरोप लगाया कि, “सारा दोष गोपाल राव का है, वह मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं।” यह विवाद उस समय सामने आया है, जब अयोध्या राम मंदिर से जुड़े दान में कथित अनियमितताओं की विशेष जांच टीम (SIT) जांच कर रही है। इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
दोषियों को मिलनी चाहिए सजा
इसी बीच ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने कहा, कि जांच में दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष को अनावश्यक रूप से फंसाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, कि कुछ लोगों को बिना पर्याप्त आधार के मामले में घसीटा जा रहा है, जिससे गलत धारणा बन रही है।
अदालत में सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का भी उपयोग
गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि गिरफ्तारियों के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत में सुनवाई जारी रहेगी, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं का उपयोग भी किया जा सकता है।
विपक्ष पर मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप
उधर, भाजपा ने विपक्ष पर इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जांच निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल SIT जांच जारी है और मामले से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः दिल्ली पुलिस ने आईएसआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया; 4 गिरफ्तार, हथियार जब्त