रामगंजमंडी हत्याकांड का खुलासा, फरार चल रहे दो मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
कोटा {राजस्थान} : ग्रामीण रामगंजमंडी थाना पुलिस ने सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर की वारदात का खुलासा करते हुए हत्या के मामले में फरार दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पूर्व में जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहा 10 हजार रुपए का इनामी आरोपी राजेश उर्फ राजू केवट भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी पवन मेघवाल और राजेश उर्फ राजू केवट को बापर्दा गिरफ्तार किया है।
मारपीट के बाद हुई थी मौत
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि 9 अगस्त की रात अमरपुरा चौराहा-कुंभकोट मार्ग पर दुर्गालाल भील के साथ गंभीर मारपीट की गई थी। घायल अवस्था में मिलने के बाद उसे रामगंजमंडी अस्पताल से झालावाड़ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान 13 अगस्त को उसकी मौत हो गई। मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ी गई।
जांच के लिए बनाई गई विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा रामगंजमंडी डीएसपी ओमप्रकाश विश्नोई के निकटतम सुपरविजन में विशेष टीमें गठित की गईं। थानाधिकारी संदीप कुमार शर्मा एवं साइबर सेल के भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बीटीएस डाटा का विश्लेषण किया।
पांच संदिग्धों की हुई पहचान
तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पवन मेघवाल, शुभम केवट, राजेश उर्फ राजू केवट, अजय केवट तथा अक्षय उर्फ कालू को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पोस्टमार्टम की सूचना मिलने के बाद संदिग्धों के मोबाइल बंद कर फरार होने से पुलिस का शक और गहरा गया।
दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने पवन मेघवाल और राजेश उर्फ राजू केवट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार राजू केवट पूर्व में बंधक बनाकर जानलेवा हमला करने के मामले में भी फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना के कारणों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में महिला की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस