युवती को शादी का झांसा देकर तीन दिन बनाया बंधक, दुष्कर्म के बाद फरार हुआ युवक
मुजफ्फरपुर: बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने, तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
तीन दिन तक कमरे में बंद रखकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के अनुसार, आरोपी शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया। रास्ते में एक जगह रुकने के बाद वह उसे अपने ठिकाने पर ले गया, जहां कथित रूप से तीन दिन तक कमरे में बंद रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि तीन दिन बाद आरोपी युवती को घर के पास छोड़ते हुए कुछ देर में लौटने की बात कहकर फरार हो गया और फिर वापस नहीं आया।
परिवार ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की उठाई मांग
घर लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक और मानसिक शोषण किया है। परिवार ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि अब उसके पास कानून का सहारा लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। वहीं, परिजनों ने सकरा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है। मामले में आवेदन मिलने के बाद पुलिस जांच शुरू करेगी। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- संसद में गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी पर विपक्ष का हंगामा, राम मंदिर चंदे और कई मुद्दों पर जवाब की मांग