भाजपा के कूचबिहार दक्षिण के विधायक रथींद्र नाथ बस

पश्चिम बंगाल विधानसभा को मिला नया स्पीकर, रथींद्र नाथ बसु सर्वसम्मति से निर्वाचित

Election Update

कोलकाता। भाजपा के कूचबिहार दक्षिण के विधायक रथींद्र नाथ बसु पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) सर्वसम्मति से चुन लिए गए। सदन में प्रोटेम स्पीकर तापस राय के समक्ष मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, मंत्री समेत छह भाजपा विधायकों ने रथींद्र नाथ बसु को स्पीकर पद के लिए प्रस्तावित किया और मंत्री दिलीप घोष समेत छह भाजपा विधायकों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। स्पीकर पद के लिए किसी अन्य विधायक के नाम का प्रस्ताव पेश नहीं किया गया। इसके बाद प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने रथींद्र नाथ बसु को सर्वसम्मति से विधानसभा का स्पीकर घोषित किया और उन्हें स्पीकर की कुर्सी तक पहुंचाया।

सत्ता और विपक्ष ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, विपक्ष के नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायकों ने सदन में अपने संबोधन के दौरान रथींद्र नाथ बसु को बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। रथींद्र नाथ बसु पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे हैं और भाजपा संगठन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उत्तर बंगाल में पार्टी को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। विधानसभा चुनाव में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभीजीत दे भौमिक को हराया था।

दो दिन में 290 विधायकों ने ली शपथ

रथींद्र नाथ बसु के स्पीकर चुने जाने से पहले प्रोटेम स्पीकर तापस राय ने बुधवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के 144 विधायकों को शपथ दिलाई थी। इसके अगले दिन गुरुवार को 146 विधायकों ने शपथ ली। इस तरह कुल 290 विधायकों ने विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और एजेयूपी विधायक हुमायूं कबीर दो-दो सीटों से निर्वाचित हुए थे, लेकिन उन्हें एक-एक सीट छोड़नी पड़ी। इसके चलते नंदीग्राम और रेजीनगर सीटें खाली हो गई हैं। वहीं दक्षिण 24 परगना की फलता सीट पर 21 मई को चुनाव कराया जाएगा।

संस्कृत में शपथ लेकर भाजपा विधायकों ने चौंकाया

इस बार विधानसभा में शपथ ग्रहण के दौरान एक अलग दृश्य देखने को मिला, जब भाजपा के कई विधायकों ने संस्कृत में शपथ लेकर सभी को चौंका दिया। संस्कृत में शपथ लेने वालों में पूर्व आईपीएस राजेश कुमार, अभिनेता हिरण चटर्जी, शुक्ला चटर्जी, सत्यनारायण मुखोपाध्याय, जितेंद्र चटर्जी और लक्ष्मीनारायण मजुमदार शामिल रहे।

(एएनआई)

यह भी पढ़े: मुंबई इंडियंस की धमाकेदार जीत, पंजाब हारी 5वीं बार

https://www.primenewsnetwork.in/sports/mumbai-indians-thrill-punjab-kings-suffer-5th-straight-loss/204845