ममता बनर्जी को लग सकता है बड़ा झटका, दिल्ली पहुंचे TMC के बागी सांसद
नई दिल्ली: तृणमूल और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़ा झटका लग सकता है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि करीब 20 सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं। बताया जा रहा है कि TMC के 13 में से 9 राज्यसभा सांसद बगावत कर सकते हैं। बाबुल सुप्रियो और राजीव कुमार भी बागी गुट के संपर्क में हैं।
काकोली घोष के साथ करीब 20 TMC सांसद
काकोली घोष के साथ करीब 20 TMC सांसद दिल्ली के एक होटल में रुके हैं। ये सभी बागी सांसद कल स्पीकर से मुलाकात कर सकते हैं। TMC के कुल 41 सांसद हैं। इनमें लोकसभा में 28 और राज्यसभा में 13 सांसद हैं। इनमें से कई सांसदों के पार्टी बदलने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि ये चर्चाएं ऊपरी स्तर पर हो रही हैं।
बीजेपी के गेम चेंजर साबित होगा 20 सांसदों का आना
लोकसभा में दो-तिहाई यानी करीब 20 सांसद टूट जाएं, तो ये बीजेपी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। बीजेपी के पास फिलहाल 240 सांसद हैं। सदन में बहुमत के लिए 272 चाहिए। TMC के 20 सांसद जुड़ने से बीजेपी बहुमत के करीब पहुंच जाएगी और एनडीए सहयोगियों पर निर्भरता कम हो जाएगी। TMC सांसद काकोली घोष दस्तीदार पहले ही पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे चुकी हैं और नाराजगी जता रही हैं।
विधानसभा में पहले ही टूट चुकी है पार्टी
TMC के पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हारने के बाद ही बगावत शुरू हो गई थी। अब पार्टी दो धड़ों में बंटी हुई दिखाई दे रही है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में 60 विधायकों का एक गुट खुद को 'असली तृणमूल' बता चुका है। इस गुट ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता घोषित किया और विधानसभा स्पीकर ने भी इसे मंजूरी दे दी है। ये गुट ममता बनर्जी के खिलाफ खुल कर मोर्चा खोल चुका है।
ममता बनर्जी दिल्ली के लिए रवाना
इधर, पश्चिम बंगाल से TMC चेयरपर्सन ममता बनर्जी अपने घर से दिल्ली के लिए निकल गईं हैं। बताया जाता है कि वे कल 8 जून को INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने वाली हैं।