उत्तर प्रदेश: बारिश से मिली राहत, बाराबंकी में तूफान का रेड अलर्ट, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू
रामनगर, बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील क्षेत्र में शनिवार सुबह अचानक मौसम ने करवट बदल ली। सुबह करीब 9 बजे आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते तेज रफ्तार आंधी चलने लगी। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. इसके कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली।
बाराबंकी में रेड अलर्ट
जिला प्रशासन को मौसम विभाग की ओर से प्राप्त सूचना के अनुसार बाराबंकी जनपद के कई स्थानों पर अगले तीन घंटों के दौरान मध्यम से तेज बिजली चमकने के साथ गंभीर तूफान की संभावना जताई गई थी। इसमें हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया।
कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
शनिवार को रामनगर तहसील क्षेत्र के आदर्श नगर पंचायत रामनगर, महादेवा, रानी बाजार, त्रिलोकपुर, रानीगंज सहित आसपास के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई स्थानों पर लोग तेज हवा और बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए। तेज आंधी के कारण कुछ इलाकों में पेड़-पौधों की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना बनी रही.
प्रशासन ने लोगों से की अपील, जरूरी होने पर बाहर निकले
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. साथ ही जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई।
लोगों को गर्मी से मिली राहत
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक महसूस हुई। लंबे समय से गर्मी झेल रहे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन की टीमें भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।