आंगनबाड़ी केंद्र से मिले सत्तू के पैकेट में मिले मृत सांप के अवशेष
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के पांढुर्ना जिले के काराघाट कामठी गांव में आंगनबाड़ी केंद्र से वितरित किए गए पोषण आहार को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। डेढ़ वर्षीया बच्ची के लिए मिले सत्तू के पैकेट में मृत सांप मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। वहीं, पोषण आहार की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सत्तू के पैकेट में मिले मृत सांप के अवशेष
ग्राम पंचायत में मेट का कार्य करने वाले शेशराव धुर्वे को उनकी डेढ़ वर्षीया पुत्री के लिए आंगनबाड़ी केंद्र से सत्तू के चार पैकेट दिए गए थे। इनमें से तीन पैकेट परिवार पहले ही इस्तेमाल कर चुका था। जब चौथा पैकेट खोला गया, तो उसमें मृत सांप के अवशेष दिखाई दिए। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्र पहुंच गए और पोषण आहार की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई।
सूचना मिलने पर हरकत में आया प्रशासन
ग्रामीणों ने पूरे बैच की जांच कराने और अन्य बच्चों को वितरित किए गए सत्तू की भी जांच की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और जांच टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सत्तू के पैकेट का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की
बड़ा सवाल है कि बच्चों के पोषण के लिए भेजे जाने वाले खाद्य पदार्थ के पैकेट में मृत सांप आखिर कैसे पहुंचे? जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लापरवाही पैकिंग के दौरान हुई या फिर भंडारण व्यवस्था में कोई गंभीर चूक हुई। फिलहाल ग्रामीण दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।