रीवा में सुरक्षा की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्य

मध्यप्रदेश: रीवा में रिटायर्ड फौजी की SP से गुहार, फर्जी कर्नल से जान को खतरा

Retired Soldier Seeks Protection in Rewa

रीवा (मध्यप्रदेश)। रीवा में सुरक्षा की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे रिटायर्ड फौजी ने कमांडो अरुण गौतम नाम के व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पूर्व सैनिक दिलीप कुमार सिंह ने अपनी जान-माल का खतरा बताते हुए एसपी को लिखित शिकायत सौंपी है और कार्रवाई की मांग की है।

प्रयागराज में 50 गुंडों ने किया था हमला

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सुनौरी ढखरा तहसील त्योन्थर के रहने वाले रिटायर्ड नायक दिलीप कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि कमांडो अरुण गौतम उन पर पहले भी तीन बार प्राणघातक हमला करवा चुका है। पीड़ित ने बताया कि एक बार प्रयागराज में उन पर करीब 50 लोगों की संख्या में आए गुंडों ने रात के वक्त हमला किया था। अब उन्हें मध्य प्रदेश के अपने गृह क्षेत्र में भी दोबारा जानलेवा हमले का डर सता रहा है, जिसके चलते वे सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाने एसपी कार्यालय पहुंचे।

कोरेक्स तस्करी और हवाला में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप

​शिकायतकर्ता दिलीप ने अरुण गौतम पर कोरेक्स तस्करों, गुंडे-मवालियों को साथ रखने और हवाला के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई करने का भी सनसनीखेज आरोप लगाया है। रिटायर्ड फौजी का दावा है कि अरुण गौतम आरटीओ और पुलिस प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर गैरकानूनी तरीके से पैसों का लेनदेन करता है और ब्लैक मनी को ठिकाने लगाने के लिए दूसरों के खातों का इस्तेमाल करता है।

परिवार के खाते में अचानक हवाला लेनदेन का खुलासा

पीड़ित ने एक बड़ी बात का खुलासा करते हुए बताया कि करीब 40-45 दिन पहले उनके परिवार के खाते में भी बिना बताए हवाला के 80 हजार रुपये मंगाए गए थे। जैसे ही उन्हें इस बात की भनक लगी, उन्होंने 10 मिनट के भीतर वह रकम वापस अरुण गौतम के खाते में ट्रांसफर करवा दी थी। पूर्व सैनिक ने आरोप लगाया कि अरुण गौतम प्रयागराज में फर्जी कर्नल बनकर और गुंडों को साथ रखकर अवैध वसूली और डराने-धमकाने का काम करता है।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी जान-माल की रक्षा की जाए और आरोपी व उसके गुर्गे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ें: राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी में इस्तेमाल म्यूल अकाउंट का धारक गिरफ्तार