भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी का कथित वीडियो वायरल, अपनी ही पार्टी के विधायक पर कसा तंज
मध्य प्रदेश: रीवा जिले के त्यौंथर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिले और विंध्य क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में अचानक हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो में विधायक सिद्धार्थ तिवारी कथित तौर पर अपनी ही पार्टी के सिरमौर विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक दिव्यराज सिंह के कार्यकाल और विकास कार्यों पर तंज कसते नजर आ रहे हैं।
जवा दौरे के दौरान दिया विवादित बयान
जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम जवा तहसील में भ्रमण के दौरान का बताया जा रहा है। भ्रमण के दौरान विधायक सिद्धार्थ तिवारी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए अपने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पड़ोसी सिरमौर विधानसभा सीट की ओर इशारा करते हुए कथित रूप से मामल देख लीजिए अतरला जवा का हाल, पड़ोसी तीन बार के विधायक हैं, देख लीजिए उनका काम।
वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी पुष्टि
अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ और तीन बार के विधायक के खिलाफ दिया गया यह बयान अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है। स्थानीय लोग और राजनीतिक विश्लेषक इसे दोनों विधायकों के बीच की गुटबाजी से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इस पूरे मामले में खबर लिखे जाने तक न तो त्यौंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी और न ही सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या सफाई सामने आई है।
ये भी पढ़ें- 11 साल पुराने वन अपराध मामले में दो प्रधान आरक्षक दोषी, बैढ़न कोर्ट ने सुनाई सजा और अर्थदंड