रीवा के कबाड़ी मोहल्ले में पुलिस की बड़ी दबिश, नशा तस्करों में मची भगदड़
रीवा (मध्यप्रदेश)। आईजी गौरव राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत रीवा पुलिस ने रविवार तड़के नशे का गढ़ माने जाने वाले कबाड़ी मोहल्ले में अचानक दबिश दी। शहर के तीन थानों के भारी पुलिस बल के साथ सुबह करीब 6 बजे हुई इस अचानक छापेमारी से कबाड़ी मोहल्ले में हड़कंप मच गया और संदिग्धों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
तीन थानों की पुलिस ने की चारों तरफ से घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, सीएसपी रितु उपाध्याय के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला और अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। तड़के ही पुलिस टीमों ने पूरे कबाड़ी मोहल्ले को चारों तरफ से घेर लिया। जब तक स्थानीय लोग और संदिग्ध कुछ समझ पाते, तब तक पुलिस बल गलियों और संदिग्ध ठिकानों में प्रवेश कर चुका था।
कई घरों और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई चिन्हित मकानों एवं संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली। हालांकि तलाशी के दौरान कोई बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुबह-सुबह हुई इस बड़ी घेराबंदी और दबिश से नशे के कारोबारियों में भारी दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
नशे के नेटवर्क पर नकेल कसने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कबाड़ी मोहल्ला क्षेत्र लंबे समय से अवैध नशीली दवाओं और मादक पदार्थों की बिक्री के लिए संदेहास्पद रहा है। शहर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस तरह की औचक चेकिंग और दबिश की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े मुख्य तस्करों और पेडलरों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
यह भी पढ़ें: झालावाड़ में ट्रक से 8.9 किलो डोडा-चूरा बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार