मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत

तलाक नहीं दिया तो तुम्हारा इंतजाम कर देंगे', रीवा की महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

Rewa Woman Alleges Threats Over Divorce Demand

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र से एक महिला द्वारा घरेलू प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। ग्राम मौहरा निवासी आरती साकेत ने आरोप लगाया है कि पति ने उसे घर से निकाल दिया और अब कथित तौर पर दूसरी महिला से शादी करने के लिए उस पर तलाक का दबाव बनाया जा रहा है।

एक साल पहले घर से निकाला, अब मायके में रह रही महिला

पीड़िता आरती साकेत के अनुसार, 14 जुलाई 2025 को उसके पति भूपेंद्र सिंह आर्या ने कथित रूप से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपनी दो मासूम बेटियों के साथ मायके ग्राम रंगौली में रहने को मजबूर हो गई। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके पति ने रीवा शहर में एक अन्य युवती के लिए किराए का कमरा लेकर उसके साथ रहना शुरू कर दिया।

'तलाक दो, वरना तुम्हारा इंतजाम कर देंगे'

आरती साकेत का आरोप है कि कथित तौर पर दूसरी महिला के परिजन लगातार फोन और व्हाट्सएप के जरिए उस पर तलाक देने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता के मुताबिक, उसे धमकी दी गई कि "अगर अपने पति को तलाक नहीं दिया, तो तुम्हारा इंतजाम कर देंगे।" महिला का दावा है कि उसने धमकी से जुड़े व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट पुलिस को सबूत के तौर पर सौंप दिए हैं।

बीच रास्ते में रोककर दी जान से मारने की धमकी

महिला ने आरोप लगाया कि 27 जून 2026 को जब वह अपनी मां के साथ सेमरिया आई थी, तब ललित साकेत नामक व्यक्ति ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने बीच सड़क पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि दोबारा रास्ते में दिखाई देने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

आरती साकेत ने पूरे मामले की लिखित शिकायत सेमरिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल को सौंप दी है। महिला ने आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

नोट: यह खबर पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़े: PM मोदी बोले- 'जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल का प्रतीक', 14,700 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात