खड़गे के बयान पर भड़के किरेन रिजिजू, बोले- 85 साल की उम्र में समझदारी की उम्मीद थी; पवन खेड़ा का पलटवार
नई दिल्ली: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पीएम मोदी पर की गई टिप्पणियों पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि 85 वर्षीय नेता अधिक समझदारी के साथ बात करेंगे, जिसके बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आचरण पर सवाल उठाया। खड़गे के बयान पर बोलते हुए रिजिजू ने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि 85 की उम्र में वह ऐसी बात कह सकते हैं। मैं खड़गे से लगातार मिलता हूं; हम संसद में बात करते हैं और मिलते हैं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह इस तरह के हो जाएंगे। मुझे लगा था कि कम से कम वह एक बुजुर्ग हैं और कुछ समझदारी के साथ बोलेंगे।
पवन खेड़ा ने रिजिजू से पूछा- पीएम के आचरण पर सवाल क्यों नहीं?
रिजिजू की इन टिप्पणियों का जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने सवाल किया कि केंद्रीय मंत्री अपने 75 वर्षीय पीएम के आचरण पर टिप्पणी क्यों नहीं कर रहे हैं। खेड़ा ने कहा कि क्या उन्हें अपने 75 वर्षीय पीएम नहीं दिखाई दे रहे हैं? क्या वह पीएम पद पर आसीन व्यक्ति का आचरण नहीं देख सकते? चाहे खड़गे साहब हों या अन्य- हम आपको उसी भाषा में जवाब देंगे जो आप बोलते हैं। दुगुना, सूद समेत, ब्याज समेत लौटा कर देंगे। पूरा देश पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहा है।
जेपी नड्डा ने भी खड़गे के बयान पर साधा था निशाना
इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई उनकी विवादास्पद टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला था और कहा था कि कांग्रेस ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में पार्टी को करारा जवाब मिलेगा। अहमदाबाद में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' यात्रा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह दिवालिया हो चुकी है। कांग्रेस और उसके नेताओं को डूब मरना चाहिए। कांग्रेस पार्टी को चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए। खड़गे जी ने तीन दिन पहले पीएम मोदी के पिता, उनके स्वर्गीय पिता के बारे में क्या कहा था? क्या यह कांग्रेस पार्टी है? क्या कांग्रेस पार्टी ऐसी हो गई है? वे इतने नीचे गिर चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष, विपक्ष के नेता, उनकी पार्टी के सर्वसर्वा ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
पटना में खड़गे की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
यह विवाद बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के दौरान भड़का। जब भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने यह कहकर खड़गे को बीच में टोका कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने मंच से जवाब दिया कि मोदी का बाप भी जाएगा।
(एएनआई)