बरेली में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, हाथ लगाने से उखड़ रही बजरी
बरेली: बरेली मीरगंज से बलूपुरा जाने वाले मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। सड़क बनने के कुछ ही समय बाद उसकी बजरी और गिट्टी उखड़कर हाथों में आने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि यह बरसात तो दूर, एक-दो दिन भी नहीं टिक पाएगी।
निर्माण के कुछ ही समय बाद उखड़ने लगी सड़क की बजरी
ग्रामीण जलालुद्दीन सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण में सही तरीके से सामग्री नहीं डाली गई है। अभी से सड़क की बजरी उखड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क कम से कम छह महीने तक तो चलनी चाहिए, लेकिन मौजूदा स्थिति देखकर ऐसा नहीं लगता कि यह कुछ दिन भी टिक पाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित लोगों से सड़क को मानक के अनुरूप बनवाने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर सड़क को सही तरीके से बनाने के निर्देश देने की बात कही थी।
वीडियो वायरल होने के बाद सड़क निर्माण बंद
वहीं, संबंधित जेई शिवम ने बताया कि बलूपुरा तक बनने वाली सड़क की लागत और अन्य जानकारी इस्टीमेट देखकर ही बताई जा सकती है। रविवार होने के कारण कार्यालय बंद है, इसलिए फिलहाल वह इसकी जानकारी नहीं दे सकते। हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति देखी तो कई जगह बजरी हाथ लगाने मात्र से उखड़ती नजर आई। मौके पर कोई कर्मचारी या मजदूर भी मौजूद नहीं मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की बदहाली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है। अब ग्रामीणों ने अधिकारियों से जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण सड़क बनवाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- मुरैना में नशीले इंजेक्शनों का बड़ा कारोबार उजागर, तीन आरोपी गिरफ्तार