भंडारिया गांव में बीती रात युवक की मौत के बाद आक्र

घर में घुसकर मारपीट और जहर देने का आरोप, हत्या के आरोप में ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Road Blockade After Youth’s Suspicious Death in Daloda

मंदसौर (मध्यप्रदेश)। मंदसौर जिले के दलौदा क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। भंडारिया गांव में बीती रात युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए महू-नीमच रोड पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक के घर में घुसकर मारपीट की गई और जहरीला पदार्थ पिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

घर में घुसकर मारपीट और जहर पिलाने का आरोप

जानकारी अनुसार भंडारिया गांव निवासी हरिश पिता गोपाल उर्फ हिरालाल गायरी की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रात करीब साढ़े सात से साढ़े आठ बजे के बीच मोटरसाइकिलों पर सवार 20 से 25 लोग एक युवती के साथ घर पहुंचे और जबरन घर में घुस गए। आरोप है कि परिवार के लोगों के साथ धक्का-मुक्की कर हरिश को एक कमरे में बंद किया गया, जहां उसके साथ गंभीर मारपीट की गई और उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया गया।

गिरफ्तारी की मांग पर चक्काजाम

घटना के बाद परिजन हरिश को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंदसौर लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दलौदा क्षेत्र के भावगढ़ फंटे पर महू-नीमच रोड जाम कर दिया। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम

ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दौरान गांव वालों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया था, बावजूद इसके समय पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी तेरसिंह बघेल, ग्रामीण एसडीएम शुभम पाटीदार एवं ग्रामीण एसडीओपी किर्ति बघेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपियों पर सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएंगी।

यह भी पढ़ें: ताजपुर में भाकपा माले की बैठक, महंगाई-बेरोजगारी और बुलडोजर राज के खिलाफ आंदोलन का ऐलान