चकरोड की रंजिश में खूनी तांडव, घर में घुसकर हमला; दो महिलाएं गंभीर
इटावा {उत्तर प्रदेश}: जनपद के सैफई थाना क्षेत्र के बलनदपुर हवेली गांव में चकरोड के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते करीब 14 लोगों ने एक परिवार के घर में जबरन घुसकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने घर में मौजूद महिलाओं और अन्य परिजनों को बेरहमी से पीटा। हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, उनके कपड़े फाड़ दिए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
ग्रामीणों के पहुंचते ही आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़े: बाइक से भिड़ा यात्रियों से भरा टेंपो, पलटने से मची चीख-पुकार; 10 लोग घायल