गोण्डा में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 25 वाहन जब्त तथा 150 वाहनो के कटे चालान
गोण्डा (उत्तर प्रदेश)। गोण्डा जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। शासन के निर्देश पर परिवहन एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय, सीओ ट्रैफिक और टीआई गोंडा की संयुक्त निगरानी में किया गया।
यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई
"नो हेलमेट, नो डीएल" अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन वाहन जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस न रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग करने और यातायात संकेतों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
20 दोपहिया और 5 बड़े वाहनों को किया गया जब्त
जांच के दौरान 20 दोपहिया और 5 बड़े वाहनों को विभिन्न अनियमितताओं के चलते जब्त कर लिया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 150 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई
एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता बढ़ाना अभियान का मुख्य उद्देश्य
प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य केवल चालान और जब्ती नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता पैदा करना है, ताकि जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ेंः जसवंतनगर में पुरानी रंजिश को लेकर युवक व उसके परिजनों पर हमला, जाँच में जुटी पुलिस