भोपाल में बदमाशों ने सड़क पर दो महिलाओं से की लूटपाट
भोपाल। राजधानी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे लूट के लिए लोगों की जान लेने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला रायसेन रोड का है। यहां बाइक सवार लुटेरों ने स्कूटी सवार दो महिलाओं के साथ बेरहमी से झपटमारी की। इस हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
बदमाशों ने कंधे पर टंगे पर्स को जोर से खींचा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऐशबाग के पुष्पा नगर की रहने वाली ज्योति ठाकुर (38), जो एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, अपनी पड़ोसन कस्तूरी राठौर (46) के साथ स्कूटी से जा रही थीं। रायसेन रोड पर बिजली कॉलोनी के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ज्योति के कंधे पर टंगे पर्स को जोर से खींच लिया।
झटके से अनियंत्रित हुई स्कूटी, सड़क पर गिरी
चूंकि पर्स का बेल्ट ज्योति के गले और कंधे में फंसा हुआ था, बदमाशों द्वारा पूरी ताकत से खींचे जाने के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। दोनों महिलाएं तेज रफ्तार में सड़क पर गिर गईं और काफी दूर तक घिसटती चली गईं। बदमाश पर्स लेकर फरार होने में कामयाब रहे, जिसमें मोबाइल फोन, नकदी और अन्य जरूरी कागजात थे।
घायलों को गंभीर चोटें आईं
सड़क पर गिरने के कारण महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। गिरने से महिलाओं का सिर फट गया है। हाथ और पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर हुए हैं। कस्तूरी राठौर की हालत अधिक चिंताजनक बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।
फैली सनसनी, लूट का मामला दर्ज
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। गोविंदपुरा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि वीआईपी इलाकों और मुख्य सड़कों पर भी महिलाएं अब सुरक्षित नहीं महसूस कर रही हैं।
यह भी पढ़े: भोपाल का सिनेरियस गिद्ध पाकिस्तान पहुंचा