रोहिणी में 'ऑपरेशन शस्त्र': 74 गिरफ्तार, 20 अवैध हथियार व भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
नई दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन शस्त्र' के तहत अपराध के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान में 74 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पकड़े गए लोगों में चार हिस्ट्री-शीटर भी शामिल हैं। पुलिस ने 20 अवैध हथियार, 6 बटन वाले चाकू और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। यह अभियान 17 से 20 सितंबर तक चलाया गया। इसमें रोहिणी जिले में अवैध हथियारों के कब्जे, संगठित अपराध और गली अपराध पर केंद्रित किया गया था।
300 पुलिसकर्मियों की 16 टीमों ने चलाया अभियान
पुलिस के मुताबिक, लगभग 300 कर्मियों वाली 16 टीमों ने बड़े पैमाने पर गश्त की, संवेदनशील जगहों पर चेकिंग की और हिस्ट्री-शीटर, घोषित अपराधियों और जमानत पर रिहा हुए अपराधियों की जांच-पड़ताल की। अभियान के दौरान, आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामलों में 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और कानून के संघर्ष में आए दो किशोरों (बाल अपचारियों) को पकड़ा गया। पुलिस ने 20 हथियार बरामद किए, जिनमें 17 देसी पिस्तौल और तीन आधुनिक पिस्तौल (जिनमें एक बेरेटा भी शामिल है) के साथ-साथ 31 जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस शामिल थे। छह चाकू, एक कार, एक बोलेरो मैक्स, एक स्कूटी, एक लॉक कटर, लोहे की छड़ें और रस्सियां भी बरामद की गईं।
विदेशी गिरोहों से तार, भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी कथित तौर पर विदेशी गिरोहों के लिए काम करने वाले स्थानीय गिरोहों से जुड़े थे। बरामद चीज़ों में इटली में बनी एक सेमी-ऑटोमैटिक बेरेटा पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस भी शामिल थे। एक अन्य बड़ी बरामदगी में, पुलिस ने अभियान के दौरान 801 ग्राम हेरोइन, 104 ग्राम मॉर्फिन, 17 ग्राम कोकीन और 30 बुप्रेनॉर्फिन 2mg और नालोक्सोन 0.5mg की सबलिंगुअल गोलियां जब्त कीं। NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें कोकीन का कथित सप्लायर भी शामिल है।
नशा तस्कर 'भोला' पकड़ा, जुआ-शराब पर भी शिकंजा
पुलिस ने नशीले पदार्थों के मामलों के संबंध में ₹3,00,600 नकद, दो कारें, एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक, जिसकी पहचान अनिल उर्फ भोला के तौर पर हुई है, जो नशीले पदार्थों का एक स्रोत और आपूर्तिकर्ता (source and supplier) था और उसे पहले NDPS मामले में घोषित अपराधी करार दिया गया था। आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत 10 मामले दर्ज किए गए और 10 कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जुआ एक्ट के तहत 11 मामले दर्ज किए गए और 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, जुए की दांव की रकम के तौर पर ₹1,75,650 बरामद किए गए।
फर्जी कॉल सेंटर, नकली सिगरेट का भी हुआ खुलासा
पुलिस ने आगे बताया कि इस अभियान के दौरान छह घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक अंतर-राज्यीय कॉल सेंटर का भी भंडाफोड़ किया गया, जबकि एक अन्य कार्रवाई में 1.20 लाख नकली सिगरेट बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन रोहिणी के DCP शशांक जायसवाल के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में चलाया गया। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: दिल्ली के सदर बाजार में 10 साल की छात्रा के साथ दरिंदगी, 56 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार