बांधवगढ़ में ऐप 'बघीरा' से छेड़छाड़ कर रूट बदला, 27 गाइड पर गिरी गाज
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी नियमों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ के 27 गाइडों ने सफारी के दौरान निगरानी (मॉनिटरिंग) करने वाले 'बघीरा' एप के साथ छेड़छाड़ की और वाहनों के टाइमिंय तथा स्पीड गवर्नर में बदलाव किया।
नियमों का ऐसे किया उल्लंघन
गाइडों ने पर्यटकों को उनकी पसंद की जगह पर ले जाने के उद्देश्य से निर्धारित रूट और गति सीमा के नियमों को ताक पर रख दिया। सफारी वाहनों की लोकेशन और स्पीड ट्रैक करने वाले सरकारी 'बघीरा' एप के सिस्टम को बाधित किया गया।
मामला उजागर होने पर कड़ी कार्रवाई
मामला उजागर होने के बाद प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 27 गाइडों को निलंबित (Suspend) कर दिया है। इन गाइडों के अगले एक सप्ताह तक जंगल में प्रवेश करने पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसी मामले में लापरवाही बरतने पर तीन जिप्सी चालकों सहित संबंधित गाइडों पर एक-एक हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
रियल टाइम मॉनिटरिंग
मालूम हो कि टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटकों के अनुशासन के लिए 'बघीरा' एप के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाती है, जिससे यह पता चलता है कि कौन सा वाहन किस रूट पर और कितनी गति से चल रहा है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/nuclear-arms-control-agreement-between-america-and-russia-ends/132101