कुंभ मेले की मैपिंग के दौरान लापता हुआ 40 लाख का ड्रोन 36 घंटे बाद मनसा देवी पहाड़ियों से बरामद
हरिद्वार (उत्तराखंड)। कुंभ मेले की तैयारियों के लिए मैपिंग के दौरान लापता हुआ करीब 40 लाख रुपये कीमत का ड्रोन कैमरा आखिरकार 36 घंटे बाद मनसा देवी की पहाड़ियों में मिल गया। आईआईटी रुड़की से मंगाया गया यह ड्रोन उड़ान भरने के बाद अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
आईआईटी रुड़की से हरिद्वार लाया गया था ड्रोन
बाद में दूसरे ड्रोन और जीपीएस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। ड्रोन कैमरे के अचानक लापता हो जाने के बाद यह चर्चा का विषय बना हुआ था। बता दे कि कुंभ मेले तैयारियों के तहत मैपिंग जैसे कार्यों के लिए आईआईटी रुड़की से ड्रोन हरिद्वार लाया गया था। दो दिन पहले उड़ान भरने के बाद ड्रोन लापता हो गया। उसकी आखिरी लोकेशन उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में मिली थी।
जीपीएस तकनीक के जरिए लापता ड्रोन बरामद
इसके बाद कर्मचारियों ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। करीब 36 घंटे तक तलाश करने के बाद कर्मचारियों ने दूसरे ड्रोन की मदद ली। जीपीएस तकनीक के जरिए लापता ड्रोन की लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद मनसा देवी मंदिर की पहाड़ियों में जंगल से ड्रोन झाड़ियों में पड़ा मिला और उसे बरामद कर लिया गया। हालांकि झाड़ियों में ड्रोन टूटा फूटा हुआ पाया गया। ड्रोन मिलने से उसकी तलाश में जुटे कर्मचारियों और पुलिस को राहत मिली।
यह भी पढ़ें: विमान में नारेबाजी और हंगामे पर सहयात्री का फूटा गुस्सा, सीजेपी कार्यकर्ता अभिजीत दिपके पर साधा निशाना