पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट दो दिवसीय दौरे पर

बांसवाड़ा से शुरू होगा सचिन पायलट का दो दिवसीय दौरा, बेणेश्वर धाम में होगा भव्य स्वागत

File Photo

डूंगरपुर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सोमवार और मंगलवार को वागड़ दौरे पर रहेंगे। पायलट के आगमन को लेकर कांग्रेस में उत्साह है। व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने जिले के हर ब्लॉक में बैठक लेकर पायलट के कार्यक्रम को सफल बनाने ताकत झोंकी है।

बेणेश्वर धाम पहुंचने पर होगा स्वागत

महासचिव सचिन पायलट सोमवार दोपहर 12 बजे बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पोटलिया गांव में पूर्व प्रधान स्व. हुरतिंग खडिया की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शाम चार बजे सर्किट हाऊस बांसवाड़ा में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। रात्रि विश्राम बांसवाड़ा में करेंगे। पायलट का मंगलवार सुबह 11 बजे बेणेश्वर धाम पहुंचने पर स्वागत होगा। 

बेणेश्वर मोड, साबला एवं आसपुर में उनका जिला कांग्रेस कमेटी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। दोपहर 12 बजे डाक बंगले में पायलट जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दोपहर दो बजे पायलट सलूंबर पहुंचेंगे, जहां स्वागत कार्यक्रम होगा। कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट का डूंगरपुर जिले में प्रवेश पर बेणेश्वर मोड, साबला एवं आसपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। 

पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने तैयारियों की समीक्षा की 

जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा ने कांग्रेस नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विभाग एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, अग्रिम संगठनों, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं से पायलट के स्वागत के लिए मौजूद रहने का आह्वान किया है। इधर, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने सीमलवाड़ा पहुंचकर पायलट के स्वागत कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। 

पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियकांत पण्ड्या, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश भोई, पूर्व उपाध्यक्ष महेंद्र भगोरा, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के जिलाध्यक्ष रूपचंद भगोरा ने बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया। चौरासी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पायलट के स्वागत कार्यक्रम में ले जाने की रूपरेखा तय की। भगोरा ने बताया कि चौरासी से भारी तादाद में कार्यकर्ता पायलट के स्वागत को लेकर उत्साहित है। 

ये भी पढे़ं- सिरोही के आबूरोड में दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से दो अज्ञात लोगों की मौत