सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़गांव और बेह

सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, सॉस की 1,837 बोतलें सीज

Saharanpur Food Safety Raid, 1,837 Sauce Bottles Seized

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़गांव और बेहट अड्डे पर छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने फास्ट फूड और सॉस विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पांच नमूने जांच के लिए। इस दौरान बड़ी मात्रा में वेजिटेबल सॉस, चिली सॉस और सोया सॉस की बोतलें सीज की गईं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुनील फास्ट फूड कॉर्नर से सॉस के नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले बड़गांव स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास सुनील फास्ट फूड कॉर्नर का निरीक्षण किया। यहां से वेजिटेबल सॉस और चिली सॉस के नमूने जांच के लिए लिए गए। कार्रवाई के दौरान वेजिटेबल सॉस की 37 बोतल और चिली सॉस की 34 बोतल सीज की गईं। सीज सामग्री को खाद्य कारोबारकर्ता की सुरक्षित अभिरक्षा में दिया गया।

बेहट अड्डे पर 1,800 से अधिक बोतलें सीज

इसके बाद टीम ने मथुरा दास महादेव मंदिर, बेहट अड्डे के पास राकेश कपूर की दुकान पर छापेमारी की। यहां से वेज सोया सॉस, ग्रीन चिली सॉस और एक अन्य सॉस के नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके पर वेजिटेबल सोया सॉस की 1,224 बोतल, ग्रीन चिली सॉस की 36 बोतल तथा 60 गत्तों में रखी कुल 540 बोतल सोया सॉस सीज की गईं।

पांच नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों से कुल पांच नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नमूनों की गुणवत्ता के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी

सहायक आयुक्त खाद्य ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन पाल, जगदंबा प्रसाद और बिपिन कुमार मौजूद रहे।

यह भी पढ़े:   एलेना रिबाकिना ने कोको गॉफ को हराकर पहली बार US ओपन फाइनल में बनाई जगह