सहारनपुर में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, महिला समेत 3 गिरफ्तार 1.20 करोड़ की स्मैक बरामद
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत नानौता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान महिला समेत तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 590 ग्राम अवैध स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये है।पुलिस के अनुसार, आज मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना नानौता पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के खंडहर के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
महिला समेत तीन नशा तस्कर पकड़े गए, पुलिस ने खोली आरोपियों की कुंडली
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद पुत्र इरशाद, निवासी मोहल्ला चाहमंजली, नानौता, कलीम पुत्र सलीम, निवासी हबीबगढ़, थाना कुतुबशेर और इशरत पत्नी नसीम, निवासी चांद कॉलोनी, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक नौशाद हिस्ट्रीशीटर और अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गुंडा अधिनियम समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं इशरत के खिलाफ भी पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
590 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल बरामद, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने बताया कि नौशाद के कब्जे से 270 ग्राम, इशरत से 260 ग्राम और कलीम से 60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी मिले हैं।मामले में थाना नानौता पर मु0अ0सं0 224/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड के बाद राजगढ़ में एक्शन, 41 लीटर कच्ची शराब समेत बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त