सहारनपुर: अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बिना रॉयल्टी के 14 ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना चिलकाना पुलिस ने बिना रॉयल्टी खनन सामग्री का परिवहन करते हुए 14 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन की रोकथाम और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध परिवहन को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी चिलकाना अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा खनन सामग्री के अवैध परिवहन को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना चिलकाना पुलिस ने दुमझेड़ा मार्ग पर चेकिंग के दौरान 14 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा।
खनन सामग्री की रॉयल्टी उपलब्ध नहीं
जांच में इन वाहनों से खनन सामग्री का परिवहन किया जा रहा था, लेकिन इनके पास खनन सामग्री की रॉयल्टी उपलब्ध नहीं थी। पुलिस ने सभी 14 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खनन सामग्री समेत सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया।सीज किए गए वाहनों में महिंद्रा अर्जुन 555 DI, महिंद्रा 575 DI XP PLUS, महिंद्रा अर्जुन 585 DI, स्वराज 744 FE N1 और सोनालिका DI 750 सहित विभिन्न ट्रैक्टर शामिल हैं।
मामले में नियमानुसार कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और आवश्यक रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जा रही है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के साथ उपनिरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक अंकुर चौधरी समेत थाना चिलकाना पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ेंः सिंगरौली में जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन से नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम की गाड़ी का किया घेराव