सहारनपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा

सहारनपुर में ₹1.20 करोड़ की स्मैक के साथ उत्तराखंड का नशा तस्कर गिरफ्तार, तमंचा बरामद

Saharanpur police seize smack worth ₹1.2 crore, one arrested

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन सवेरा" अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना गागलहेड़ी और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 600 ग्राम अवैध स्मैक, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी

बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार पूरे मंडल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर की सूचना पर गागलहेड़ी क्षेत्र के पशु पैठ मैदान में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तालिब पुत्र जुल्फिकार निवासी ग्राम शेरपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 600 ग्राम स्मैक, .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक साथी के साथ स्मैक की तस्करी और बिक्री करता है। उसने बताया कि दोनों ग्राहक तलाशने के लिए क्षेत्र में आए थे और सुरक्षा व दबदबा बनाने के लिए अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे ताकि किसी खतरे की स्थिति में आसानी से बच निकल सकें।

सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस अब उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।

यह भी पढ़ें: रीवा में 'बंटी-बबली' स्टाइल में 100 करोड़ की ठगी, 200 महिलाओं से धोखाधड़ी