सहारनपुर के बेहट में पुलिस ने दो नशा तस्करों को गि

सहारनपुर में 4.10 करोड़ की स्मैक बरामद, दो शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

Saharanpur Police Seize Smack Worth Rs 4.10 Crore, Arrest 2

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है।

चेकिंग के दौरान पकड़े गए दो संदिग्ध, स्मैक और सामान बरामद

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर बेहट पुलिस गंदेवड़ अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब पुत्र सलीम निवासी असगरपुर, थाना मिर्जापुर और अमित उर्फ अनित पुत्र कटार सिंह निवासी बुठेड़ा, थाना सरसावा के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से 804 ग्राम स्मैक पाउडर, एक बोलेरो कार, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन बरामद किए। 

नशा नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य बरामद सामान के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी!

नशा तस्करी नेटवर्क पर भी होगी कार्रवाई: एसपी देहात

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। 

यह भी पढ़े:   बहराइच में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत