मृत सफाईकर्मी के नाम पर बिना हाजिरी के वेतन भुगतान का मामला, 1 अक्टूबर को जारी हुआ निलंबन आदेश
राजगढ़ {मध्य प्रदेश}: राजगढ़ जिले में एक महिला सफाईकर्मी की मौत के बाद भी उसके नाम पर कई महीनों तक वेतन भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में राजगढ़ की प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शोभा पटेल को शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, मध्य प्रदेश के आयुक्त धनराजू एस ने 1 अक्टूबर 2026 को निलंबन का आदेश जारी किया।
जनवरी 2025 में हुई थी महिला की मौत
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डाबला में कार्यरत सफाईकर्मी सुमित्रा बाई की 18 जनवरी 2025 को मौत हो गई थी। इसके बाद 28 जनवरी 2025 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डाबला के मेडिकल ऑफिसर ने उनकी मृत्यु की लिखित सूचना अधिकारियों को दी थी। मृत्यु की जानकारी मिलने के बाद हाजिरी रजिस्टर से भी सुमित्रा बाई का नाम हटा दिया गया था।
बिना हाजिरी के होता रहा वेतन भुगतान
मामले में आरोप है कि मृत्यु की जानकारी विभाग के पास होने के बावजूद सुमित्रा बाई के नाम पर वेतन का भुगतान जारी रहा। बताया गया है कि हर महीने उनके नाम पर 14,844 रुपये की राशि का आहरण किया जाता रहा। इस मामले में अब विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी CMHO डॉ. शोभा पटेल को निलंबित किया गया है।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
मामले में सामने आए दस्तावेजों और विभागीय जिम्मेदारी के आधार पर शासन की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है। मृत कर्मचारी के नाम पर वेतन भुगतान कैसे और किन परिस्थितियों में जारी रहा, इसे लेकर विभागीय जांच में अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
ये भी पढ़ें: संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनभागीदारी जरूरी: ब्रजेश पाठक