अमेठी में समाजवादी पार्टी ने जनसंवाद सम्मेलन के दौ

अमेठी में जनसंवाद सम्मेलन के दौरान 'सपा' नेताओं ने महंगाई-बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

Samajwadi Party Focuses on Strengthening Booth Level

अमेठी: उत्तर प्रदेश की अमेठी विधानसभा क्षेत्र के संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित कालिका धाम परिसर में शनिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से विशाल जनसंवाद सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपा नेत्री एवं महिला जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह की देखरेख में किया गया। सम्मेलन में पार्टी की नीतियों, सामाजिक न्याय और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों से संवाद किया गया।

सपा जिलाध्यक्ष ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी की जिला अध्यक्ष राम उदित यादव रहीं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रही है। जनसंवाद के माध्यम से पार्टी जनता की समस्याओं को समझने और उन्हें मजबूती से उठाने का काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

सपा नेत्री ने महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

सपा नेत्री एवं महिला जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह ने कहा कि आज आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार और अपराध जैसी समस्याओं से परेशान है। समाजवादी पार्टी जनसंवाद के माध्यम से सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि जनसंवाद कार्यक्रम को जनता का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है।

सपा नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रवक्ता राजेश मिश्र ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार जनता को जोड़ने के बजाय बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान कराए गए विकास कार्यों से जनता को काफी लाभ मिला था। सपा जिला उपाध्यक्ष एवं संग्रामपुर क्षेत्र निवासी संग्राम सिंह ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम कर रहा है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा जाति से ऊपर उठकर विकास और सामाजिक न्याय की बात की है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में महराज, रामदुलारे कश्यप, राधेश्याम सिंह, रविंद्र सिंह, घनश्याम सिंह, जिला उपाध्यक्ष शिव प्रताप यादव, अधिवक्ता राम सिंह, मजदूर सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- अमित शाह ने UCBs की साइबर सुरक्षा मजबूत करने पर दिया जोर, SOC लॉन्च की घोषणा