समस्तीपुर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत, एक घायल
समस्तीपुर (बिहार)। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में खजुरी चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की ठोकर से श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने सिक्योरिटी गार्ड को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग मुआवजे और कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
मृतक की पहचान बबलू कुमार के रूप में
सड़क दुर्घटना में मृत सिक्योरिटी गार्ड की पहचान घटहो थाना क्षेत्र के खेदड़पुर गांव स्थित वार्ड नंबर-5 निवासी बबलू कुमार के रूप में की गई है। वहीं, हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान संजय राय के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
BDO और CO ने लोगों को समझाकर कराया शांत
सड़क दुर्घटना और सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस पदाधिकारी आगे की प्रक्रिया में जुट गए हैं। घटना में शामिल अज्ञात वाहन के संबंध में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें: मुरैना में तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत